- कांग्रेस की पहली सूची में 50 महिला उम्मीदवारों को दिया गया टिकट
कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली सूची जारी कर दी है। कांग्रेस की पहली सूची को जारी करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि आज कांग्रेस उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी करने जा रही है। 125 लोगों की पहली सूची में 50 महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सूची में जो महिलाएं हैं उनमें से कुछ पत्रकार हैं। कुछ संघर्षशील महिलाएं हैं। सामाजिक कार्यकर्ता हैं। ऐसी भी महिलाएं हैं, जिन्होंने बेहद अत्याचार झेला है। प्रियंका ने कहा कि हमारी पहली सूची में 40 फीसदी महिलाओं और 40 फीसदी युवाओं को टिकट दिया गया है।
चुनाव के बाद भी यूपी में रहने का ऐलान
प्रियंका गांधी पर विपक्ष की ओर से चुनावी पर्यटन पर उत्तर प्रदेश आने का आरोप लगाया जाता रहा है। इस पर उन्होंने कहा कि मैंने जो प्रयास शुरू किए हैं वह जारी रखूंगी, मैं चुनाव के बाद भी उत्तर प्रदेश में ही रहूंगी। अगर हमारी पार्टी कहती है कि हमारी भूमिका कहीं और भी होनी चाहिए तो मैं वह भी करूंगी। पार्टी को मजबूत करने का हमारा प्रयास जारी रहेगा।