Others

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय कार्यालय में 13 देशों के राजनयिकों के साथ संवाद

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने “भाजपा को जानें (Know BJP)” अभियान के चौथे चरण में आज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में 13 देशों के राजनयिकों (Head of Missions) के साथ संवाद किया। “भाजपा को जानें” अभियान दुनिया के अलग-अलग देशों को भाजपा से परिचय कराना है। भाजपा चाहती है कि अलग-अलग देशों की राजनीतिक व्यवस्था और राजनीतिक दलों के बीच बेहतर संवाद कायम हो ताकि हम एक-दूसरे को समझ सकें और उनके विजन से रू-ब-रू हो सकें। भाजपा स्वस्थ लोकतंत्र और साझी सांस्कृतिक मेलजोल में गहरी आस्था रखती है।

“भाजपा को जानें” अभियान के चौथे चरण में आज पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ऑस्ट्रिया, क्रोएशिया, चेक रिपब्लिक, एस्टोनिया, फिनलैंड, लिथुआनिया, सर्बिया, स्पेन, यूनाइटेड किंगडम, जमैका, मॉरिशस, नेपाल और थाईलैंड के Head of Missions उपस्थित थे। इस संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के साथ पार्टी के विदेश विभाग के प्रभारी डॉ विजय चौथाईवाले और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन राठौड़ और गुरु प्रकाश भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पार्टी के विदेश विभाग के प्रभारी डॉ विजय चौथाईवाले ने किया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री राज्यवर्धन राठौड़ ने किया। अतिथियों को भाजपा के इतिहास और विकास की यात्रा को दिखाती एक वृत्ति-चित्र भी दिखाई गई जिसकी सभी राजनयिकों ने सराहना की। अपने उद्बोधन के पश्चात् श्री नड्डा ने एक-एक करके सभी राजनयिकों के प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया।

“भाजपा को जानें (Know BJP)” कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के 42वें स्थापना दिवस पर 06 अप्रैल 2022 को हुई थी। इसका दूसरा चरण 16 मई 2022 को और तीसरा चरण 04 जून 2022 को आयोजित किया गया था। आज के संवाद कार्यक्रम को मिला कर माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी अब तक यूरोपियन यूनियन सहित दुनिया के 47 देशों के राजनयिकों/Head of Missions के साथ संवाद कर चुके हैं।

बैठक में अधिकांश राजनयिकों ने माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से देशों के बीच जन-संपर्क, सांस्कृतिक मेलजोल और अपने-अपने देशों की राजनीतिक पार्टियों के बीच संपर्क तथा विचार विनिमय को लेकर अपने सुझाव रखे। सबने भाजपा के संघर्ष और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व की भूरि-भूरि सराहना की।

Leave a Reply