POLITICAL Uttar Pradesh

उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक मे प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह जी ने राजनैतिक प्रस्ताव रखा

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के द्वितीय सत्र में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह जी ने राजनैतिक प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव का समर्थन प्रदेश महामंत्री श्रीमती प्रियंका रावत ने एवं अनुमोदन प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रकाश पाल ने किया। प्रदेश कार्यसमिति प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया।


राजनैतिक प्रस्ताव
यह कार्यसमिति राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री जेपी नड्डा जी के कार्यकाल विस्तार पर उनको बधाई देती है व शुभेच्छा व्यक्त करती है। अन्त्योदय एवं एकात्म मानववाद के साथ ही साथ समरसता, सद्भाव और सुशासन की स्थापना के लक्ष्य की ओर भारतीय जनता पार्टी तेजी से लगातार बढ़ रही है। सशक्त व समृद्ध राष्ट्र निर्माण और लोकतंत्र को बलवती बनाये रखने की भावना को लेकर आदरणीय प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी और उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार भारतीय संस्कृति व सभ्यता का डंका पूरे विश्व में बजाने का काम कर रही है। आम जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ-साथ नये भारत की मजबूत नींव रखने में सफल रही है। तेजी से बदलते भारत में निखरते उत्तर प्रदेश की उज्जवल तस्वीर आज सबके सामने है। नेतृत्व की प्रखरता, दूरगामी सोच, दृढ़ इच्छा शक्ति और बेमिसाल कार्य प्रणाली के साथ लाखों, करोड़ों कार्यकर्ताओं की सकारात्मक सहभागिता भी सराहनीय रही है। इसी का सुपरिणाम है कि उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर तेजी से विकसित होते राज्यों में शुमार हो देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
उत्तर प्रदेश भारत की आत्मा है। आज उत्तर प्रदेश देश की आर्थिक सम्पन्नता को गति देने का सक्षम ग्रोथ इंजन भी सिद्ध हो रहा है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश एक ट्रिलीयन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। जिस तरह पूरी दुनिया मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विगत करीब 09 वर्षो से भारत को नई ताकत के रूप में देख रही है उसी तरह उत्तर प्रदेश भी लगभग 06 वर्षों से अपनी मजबूत होती स्थिति से सबको अचंभित कर रहा है। सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य उत्तर प्रदेश तमाम विषम परिस्थितियों के बावजूद आज चहुंओर विकास की आभा बिखेर रहा है। सेवा, सुशासन और गरीब, युवा, महिला, किसान व मजदूर कल्याण को समर्पित सरकार नित नये कीर्तिमान स्थापित कर रही है। यही वजह है कि प्रदेश की महान जनता ने देश के सबसे बड़े राज्य में भारतीय जनता पार्टी को लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने का सौभाग्य प्रदान किया है। इतना ही नहीं विपक्ष के अभेद्य गढ़ माने जाने वाले राजनीतिक क्षेत्रां में भी अब कमल निशान की विजय पताका फहराने लगी है। साम्प्रदायिक दंगे व जातीय वैमनस्यता वाला उत्तर प्रदेश अब भारतीय जनता पार्टी के शासन में उत्तम व उत्कृष्ट प्रदेश बन रहा है। डबल इंजन की सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाएँ और परिश्रमी व संस्कारित कार्यकर्ताओं की कर्मठता से उत्तर प्रदेश ऊचाँईयों के नित नए आयाम पाने में कामयाब हो रहा है।

ढांचागत उन्नयन और सहज जनजीवन-
सम्माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आधारभूत ढांचागत सुविधाओं का तेजी से विकास हुआ है। एक्सप्रेसवे व सड़कों का जाल उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास की लाइफलाइन बन गया है। छोटे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ते हुए गौतमबुद्धनगर में एशिया का सबसे बड़ा ग्रीन फील्ड नोएडा अर्न्तराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण में तेजी सराहनीय है। पांच इन्टरनेशनल एयरपोर्ट समेत कुल 19 स्थानों से हवाई उड़ानां वाला उत्तर प्रदेश अकेला राज्य होगा। विकास की दौड़ में पिछड़े बुन्देलखण्ड, पूर्वांचल व विन्ध्य क्षेत्र का भी कायाकल्प होता दिख रहा है। एक्सप्रेसवे व ऐलीवेटिड हाईवे निर्माण के साथ दस विभिन्न प्रमुख नगरों में मेट्रो व रैपिड रेल परियोजनाओं को गति दी जा रही है। प्रधानमंत्री जी द्वारा वाराणसी में एम0वी0 गंगा विलास रिवर क्रूज का शुभारम्भ करने से जल मार्ग के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किया गया है। वाराणसी में 1600 से अधिक नाविकों को उनकी परम्परागत नावों के लिए सी0एन0जी0 इंजन किट उपलब्ध कराना भी ऐतिहासिक फैसला है।
प्रधानमंत्री आवास योजना व मुख्यमंत्री आवास योजना में 46.50 लाख आवासों का निर्माण किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 2.61 करोड़ शौचालय निर्माण के साथ हर घर नल से जल उपलब्ध कराने जैसी परियोजनाएँ आम आदमी को पसन्द आ रही है।

कानून व्यवस्था-अपराधमुक्त प्रदेश –
बिना सुरक्षा के विकास संभव नहीं है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ। भ्रष्टाचार, जातिवाद, सम्प्रदायवाद और भाई-भतीजावाद पर निर्णायक प्रहार किये जाने से आम जनता को अभूतपूर्व राहत मिली है। भाजपा शासन काल में उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त होने का गौरव मिला है। गरीब व कमजोर वर्ग के लोगों के अलावा व्यापारियों, उद्यमियों व महिलाओं में सुरक्षा का भाव स्थापित होने से प्रदेश के माहौल में खुशहाली दिखने लगी है। सात महानगरों में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू की गई। तमाम खूंखार अपराधी पुलिस मुठभेड़ में मारे गए और हजारों सलाखों के पीछे भेज दिए गए।
अपराधमुक्त उत्तर प्रदेश बनाने के लिए माफिया व अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करते हुए उनकी कुल 44 अरब 59 करोड़ रूपये की अवैध सम्पत्ति भी जब्त की गई। जब्त संपत्तियों पर बालिकाओं के लिए कालेज तथा निर्बल वर्ग के आवास बनाये जा रहे हैं। इससे एक बेहतर संदेश गया है।


औद्योगिक क्रांति के नये युग का सूत्रपात-
कानून व्यवस्था की बेहतरी के लिए योगी सरकार के मॉडल की सराहना देश ही नहीं विदेशों में भी हो रही है। जिसके चलते उत्तर प्रदेश में विकास और सम्पन्नता का अनुकूल माहौल तैयार हो रहा है। एक जिला एक उत्पाद अभियान से उत्तर प्रदेश की वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनने लगी है। इससे राज्य के निर्यात में लगभग 80 प्रतिशत की बढोत्तरी हुई है। ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट जैसे आयोजन प्रदेश के बहुमुखी विकास में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। जिलों में भी बड़ी संख्याओं में निवेशकर्ताओं ने उद्योग लगाने की मंशा जाहिर की है। निवेश का लक्ष्य 10 लाख करोड़ से बढ़कर 17 लाख करोड़ हो गया। उद्योग लगेगें, रोजगार का सृजन होगा और प्रदेश की ळक्च् बढेगी। उत्तर प्रदेश में डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर का निर्माण गति पकड़ने के साथ लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन शुरू होना सैन्य सुरक्षा क्षेत्र में मील का पत्थर है। सबसे बड़ा डेटा सेंटर व फिल्म सिटी जैसी अनेकों परियोजनाएं गतिशील हैं।

कृषि में गुणात्मक सुधार और सम्पन्न अन्नदाता –
केवल नारों में किसान हितैषी होने का दावा करने वाले विपक्षी दलों से इतर भारतीय जनता पार्टी ने कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक, गुणात्मक सुधार किये है। किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने का वादा पूरा करने के साथ सरकारी खरीद की व्यवस्था को पारदर्शी व उपयोगी बनाया गया है। किसान अब अपनी फसलों को बेचने के लिए बिचौलियों के शोषण का शिकार नहीं होते हैं। गेहूँ, धान आदि विभिन्न फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि करने के अलावा किसानों के बैंक खाते में उनकी उपज का मूल्य सीधे भुगतान करने का कार्य भाजपा शासनकाल में ही सम्भव हो सका है। खरीफ सीजन वर्ष 2022-23 में अबतक 56 लाख मीट्रिक टन धान की एमएसपी पर रिकार्ड खरीद हो चुकी है। इतना ही नहीं 80 प्रतिशत धान मूल्य का भुगतान सम्बधित किसानों के बैंक खातों में मात्र 48 घंटो में किया गया है। किसानों को बिजली, पानी, खाद व बीज आदि की उपलब्धता अब सहज है। कृषि क्षेत्र के लिए विद्युत फीडर की व्यवस्था अलग किये जाने से किसानों को अब सिचाईं के लिए रात्रि में खेतों पर जाने की बाध्यता नहीं रही। आबादी वाले ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि को बिजली की जगमगाहट देखने को मिलती है। कर्जा माफी किये जाने के अलावा किसान सम्मान निधि के रूप में 51640 करोड़ रूपये का लगभग 2.60 करोड़ किसानों के बैंक खातों में सीधे भुगतान अन्नदाताओं को उर्जित कर रहा है। किसानों को 1.90 लाख करोड़ रूपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है। जब तक किसानों के खेत में गन्ना रहा तब तक चीनी मिलों को बंद नही होने दिया। चीनी मिलों में एथेनाल व बिजली उत्पादन बड़ने का सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। मौसम की विस्तृत व प्रमाणिक जानकारी समय से मिल जाने से किसानों को होने वाले नुकसान में कमी आ रही है। इतना ही नहीं खेती में रसायन व कीटनाशक दवाओं के अंधाधुंध प्रयोग पर अंकुश लगाने का सतत् प्रयास जारी है। जैविक व प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देकर कृषि क्षेत्र में नई सम्भावनाओं की तलाश की जा रही है। गंगा नदी के तटीय 27 जिलो तथा बुन्देलखण्ड के समस्त जनपदों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर वर्ष 2023 को अंतराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
केन्द्र सरकार द्वारा सहकारिता के क्षेत्र में तीन मल्टी स्टेट सोसाइटी बनाने का निर्णय किसान हित में है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सहकार से समृद्धि का संकल्प पूरा होगा।
निराश्रित गौवंशों की समस्या से निजात दिलाने के लिए गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्था को सुगठित किया जा रहा है। प्रदेश में 9 लाख से अधिक गौवंशो का संरक्षण किया गया है। गौशालाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने व गौ आधारित खेती को बढ़ावा देने के प्रयास भी जारी है। पाँच मण्डलों गोरखपुर, झाँसी, बरेली, मुरादाबाद व कानपुर में पी0पी0पी0 मोड के आधार पर बड़ी गौशालाओं की स्थापना की जायेगी।

बेहतर स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन-
भाजपा शासनकाल में बेहतर व आधुनिकतम स्वास्थ्य व चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुआ। शताब्दी की सबसे बड़ी महामारी कोविड-19 का डटकर मुकाबला किया गया। जिसके चलते उत्तर प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट व मृत्यु दर सबसे कम रही। टीकाकरण में भी उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा। उत्तर प्रदेश में कोविड प्रबन्धन को देश ही नहीं दुनिया में सराहा गया। इंसेफलाईटिस जैसी प्राण घातक बीमारियों पर 95 प्रतिशत तक काबू पा लिया गया है। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाएँ बेहतर करने का संकल्प भी भाजपा ने पूरा किया। एक जनपद एक मेडिकल कालेज के लक्ष्य की ओर प्रदेश तेजी से अग्रसर है। प्रदेश में 65 मेडिकल कालेज संचालित है और 22 निर्माणाधीन है। 2 एम्स (गोरखपुर व रायबरेली) संचालित है तथा प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में सीटें दोगुनी हो गई हैं।
गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ बिना भेदभाव के प्रदेश के लगभग 15 करोड़ को लोगों को मिला है। कचरा उठाने वाले और बेघरों को भी राशन उपलब्ध कराने का काम सरकार ने किया है। जन कल्याणकारी योजना सभी वर्गो को धर्म, जाति व क्षेत्र के भेदभाव के बिना प्रदान किये जाने से चहुंओर खुशहाली का वातावरण दिख रहा है।

शिक्षा – गुणवत्ता और विस्तार
शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रगति उल्लेखनीय है। प्राथमिक से उच्च प्राथमिक स्कूलों में लगभग 2 करोड़ विद्यार्थियों का नामांकन होना शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता और संख्यात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। डिजिटलाइजेशन की मदद से सरकारी स्कूलों को वैश्विक स्तर पर लाने का प्रयास है। ई लाइब्रेरी के लिए प्रज्ञान और कौशल विकास के लिए प्रवीण पोर्टल की मदद से विद्यार्थियों के बहुमुखी व्यक्तित्व विकास पर फोकस किया गया है। 1.38 लाख सरकारी स्कूलों का कायाकल्प, आठ नए विश्वविद्यालय, 51 नए राजकीय महाविद्यालय, 28 इंजीनियरिंग, 26 पॉलीटेक्निक, 79 आईटीआई, 250 नए इंटर कालेज, 771 कस्तूरबा विद्यालयों की स्थापना हुई। लगभग 1.5 लाख शिक्षकों व कर्मियों की भर्ती हुई है।

महिला सशक्तिकरण व युवा कल्याण –
बेमिसाल कानून व्यवस्था और सुशासन के चलते भाजपा राज में महिलाओं को सुरक्षित व सम्मान पूर्वक जीने का अवसर मिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण के विशेष प्रयास उल्लेखनीय है। मिशन शक्ति के तहत आँगनवाड़ी कार्यकत्रियों व आशा वर्कस का मानदेय बढ़ाया। 58758 ग्राम पंचायतो में बैंक सखियों और सामुदायिक शौचालयों में महिला सफाई कर्मियों की नियुक्ति हुई। इसके अलावा लगभग 10 लाख महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से करीब एक करोड़ महिलाओं को स्वरोजगार प्राप्त हुए।  
महिला अपराध रोकने के लिए रात्रि सुरक्षा कवच, महिला सहायता डेस्क, पिंक बूथ एवं पिंक बस सेवा जैसे कार्य शुरू करने के अलावा पुलिस थानों की जिम्मेदारी महिला आरक्षियों को देने जैसे पहल भी की गयी। विभिन्न विभागों में प्रशासनिक स्तर पर महिला अधिकारियों को तैनाती में वरीयता प्रदान की गयी।
प्रदेश में आए निवेश से 1 करोड़ 61 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराये गए साथ ही 60 लाख से अधिक को स्वरोजगार से जोड़ा। वहीं लगभग 6 लाख नौजवानों को पूरी पारदर्शिता से सरकारी नौकरियां प्रदान की गई। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना सफलता पूर्वक चल रही है। साथ ही लाखों छात्र, छात्राओं को निशुल्क स्मार्टफोन/टैबलेट का वितरण किया गया। अल्पसंख्यक वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग व सामान्य वर्ग के कुल एक करोड़ 78 लाख 46 हजार 513 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित की गई। मेरठ में मेजर ध्यान चन्द्र खेल विश्वविद्यालय स्थापित हो रहा है।

सांस्कृतिक उत्थान एवं पर्यटन प्रोत्साहन-
हम उत्तर प्रदेशवासियों का परम सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री जी इस प्रदेश की पौराणिक व अध्यात्मिक नगरी काशी का प्रतिनिधित्व करते है। देश में सत्ता की कमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा संभालने के बाद से सांस्कृतिक उत्थान के कार्यों में अभूतपूर्व तेजी आई है। अयोध्या में श्री राम जन्म-भूमि निर्माण का कार्य प्रगति पर है वहीं काशी धाम कोरिडोर बनने और बनारस के घाटों का सौन्दर्यकरण होने से पूरा विश्व आलोकित है। चित्रकूट तीर्थ क्षेत्र का विकास, नैमिषारण्य तीर्थ क्षेत्र का विकास, विन्धयावासिनी धाम का सौन्दर्यकरण, महात्मा बुद्ध की परिनिर्वाण स्थली कुशीनगर और मथुरा-वृन्दावन में बांके बिहारी कोरिडोर का सुव्यवस्थित विकास होने से श्रद्धालुओं की संख्या में दिनो-दिन वृद्धि हो रही है। ऐतिहासिक, पौराणिक व धार्मिक महत्व के स्थलां का संरक्षण व संवर्द्धन किये जाने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े है और आमजन की आय में भी वृद्धि होने लगी है।
वाराणसी में काशी तमिल संगमम कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश की दो पुरातन संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरोने का भागीरथी प्रयास किया है। भारत की अखण्डता का घोष देश की एक सभी भाषाओं, संस्कृतियों, खान-पान एवं वेशभूषा की एक रूपता में है। काशी तमिल संगमम प्रधानमंत्री जी की एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना का साकार रूप है।
आदरणीय मोदी जी के कुशल नेतृत्व में प्रत्येक भारतीय का मस्तक दुनिया में ऊंचा हुआ है। जी-20, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और शंघाई सहयोग संगठन जैसे अन्तर्राष्ट्रीय मंचों की अध्यक्षता मिलने जैसी उपलब्धियों पर माननीय प्रधानमंत्री जी को प्रदेश कार्यसमिति बधाई देती है। जी-20 आयोजन के तहत उत्तर प्रदेश  के चार शहरों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। इससे उत्तर प्रदेश विश्व पटल पर और उभर कर आएगा।
 केन्द्र व प्रदेश सरकारे अन्त्योदय पथ पर निरन्तर आगे बढ़ते हुए गांव-गरीब किसान व समाज के सभी वर्गों के सर्वागीण विकास के लिए संकल्पबद्ध है। सशक्त भारत के निर्माण की खातिर दिन-रात पसीना बहाने वाले करोड़ों कार्यकर्ताओं की लगन व परिश्रम तथा जनता के आर्शीवाद से वर्ष 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी पुनः सत्तासीन होगें। विपक्षी दलों द्वारा भाजपा के विकास व विजयरथ को रोकने की कोशिशों का मुँहतोड़ जवाब जनता देगी। राष्ट्र के मान-सम्मान से खिलवाड़ कर निहित स्वार्थों की नकारात्मक राजनीति करने वाले विरोधियों को जनता पहचान चुकी है। देश की महान जनता अब भाजपा के साथ है और भाजपा जनता के।


Discover more from VSP News

Subscribe to get the latest posts to your email.

Rishabh Jain
Writer, Journalist and a Good Person
https://vspnews.in/

Leave a Reply